Uncategorized

किराये पर पिकअप बुक कर चालकों से लूट करने वाला अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार

फर्जी पहचान बताकर चालकों को जाल में फंसाता था, एमपी और यूपी में 21 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी; 14.45 लाख की संपत्ति बरामद

मैहर। मैहर पुलिस ने वाहन चोरी और लूट की वारदातों में शामिल एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराये पर वाहन बुक करने के बहाने चालकों को अपने जाल में फंसाता था और सुनसान जगह पर साथियों के साथ मारपीट कर वाहन और मोबाइल लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर दो पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन, बैंक की चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज सहित करीब 14 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को रीवा के एक वाहन चालक की बोलेरो पिकअप सामान परिवहन के लिए किराये पर बुक की गई थी। मैहर क्षेत्र में मौका पाकर आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। इसी तरह 19 सितंबर को छतरपुर के एक चालक को सामान पहुंचाने के बहाने मैहर बुलाया गया। सरलानगर रोड टोल प्लाजा के आगे सुनसान जगह पर उसके साथ मारपीट कर मोबाइल और वाहन की चाबी छीन ली गई तथा पिकअप लूट ली गई।

दोनों मामलों में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे छतरपुर से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मैहर के अलावा सतना, छतरपुर और विदिशा में हुई वारदातों में उसकी संलिप्तता सामने आई है। आरोपी मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में चोरी, लूट, धोखाधड़ी और जालसाजी सहित 21 आपराधिक मामलों में शामिल बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कभी खुद को पुलिसकर्मी, डॉक्टर, वकील या सरकारी कर्मचारी बताकर लोगों को धोखा देता था, तो कभी पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर अवैध वसूली करता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles