State

न्यायोत्सव के तहत आज निकलेगी ‘रन फॉर जस्टिस’ मैराथन, न्यायिक अधिकारी और आमजन होंगे शामिल

जिला न्यायालय से शुरू होकर एमपी नगर और वल्लभ भवन चौराहे तक जाएगी मैराथन, विधिक अधिकारों के प्रति किया जाएगा जागरूक

भोपाल। न्याय और कानूनी अधिकारों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए 15 नवंबर को भोपाल में ‘रन फॉर जस्टिस’ मैराथन और वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर 14 से 20 नवंबर तक आयोजित न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह-2026 के तहत यह कार्यक्रम होगा। इसकी शुरुआत सुबह 8 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से होगी।

मैराथन जिला न्यायालय परिसर से शुरू होकर एमपी नगर चौराहे से होते हुए वल्लभ भवन चौराहे तक पहुंचेगी। यहां से प्रतिभागी इसी मार्ग से वापस जिला न्यायालय परिसर लौटेंगे, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।

आयोजन की थीम ‘रन फॉर जस्टिस-ए स्टेप टुवर्ड्स लीगल अवेयरनेस’ रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय व्यवस्था और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देना है। न्यायोत्सव की शुरुआत शुभारंभ समारोह और बाल दिवस के आयोजन के साथ की गई है।

कार्यक्रम में आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से शामिल होने की अपील की गई है। सप्ताहभर विभिन्न विधिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग कानूनी सहायता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

Related Articles