एम्स भोपाल के फार्माकोलॉजी विभाग को राष्ट्रीय सम्मेलन में मिले तीन पुरस्कार

भोपाल। एम्स भोपाल के फार्माकोलॉजी विभाग के रेजिडेंट और फैकल्टी सदस्यों ने आंध्र प्रदेश फार्माकोलॉजिकल सोसायटी के 8वें राष्ट्रीय सम्मेलन एपीपीएससीओएन-2026 में तीन पुरस्कार हासिल किए हैं। एम्स मंगलगिरी में आयोजित इस सम्मेलन में डॉ. चिराग अग्रवाल ने दो और डॉ. अजय शुक्ला ने एक पुरस्कार जीता।
विभाग के जूनियर रेजिडेंट-3 डॉ. चिराग अग्रवाल को मौलिक शोध की मौखिक प्रस्तुति में प्रथम पुरस्कार मिला। उनका शोध हार्ट फेल्योर के मरीजों को दी जाने वाली दवाओं, उनके इस्तेमाल के तरीके और दुष्प्रभावों के विश्लेषण पर आधारित था। इसके अलावा मोटापे के दवा आधारित उपचार और नई चिकित्सा पद्धतियों पर समीक्षा पोस्टर प्रस्तुति के लिए उन्हें द्वितीय पुरस्कार मिला।
वहीं, फैकल्टी वर्ग की पोस्टर समीक्षा प्रतियोगिता में अतिरिक्त प्राध्यापक डॉ. अजय शुक्ला ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। उनका शोध मोटापे के इलाज में जीआईपी और जीएलपी-1 रिसेप्टर पर एक साथ असर करने वाली दवाओं की प्रभावशीलता और सुरक्षा पर आधारित था।
सम्मेलन में अतिरिक्त प्राध्यापक डॉ. अहमद नजमी ने कृत्रिम हृदय वाल्व लगवा चुके मरीजों में दवा की खुराक और आनुवंशिक भिन्नताओं के संबंध पर शोध प्रस्तुत किया। वहीं, विभागाध्यक्ष डॉ. बालकृष्णन एस ने दवाओं के विकास में असफल रहे शोध और छोड़ी गई उपचार पद्धतियों से मिलने वाली सीख विषय पर आमंत्रित व्याख्यान दिया। इन उपलब्धियों को एम्स भोपाल के शोध और अकादमिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





