State

बाल लैंगिक शोषण के खिलाफ भोपाल के 25 गांवों और 25 स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान

20 नवंबर तक चलेगा अभियान, 10 हजार लोगों और 4 हजार बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

भोपाल। बाल अधिकार सप्ताह के तहत बच्चों को लैंगिक शोषण से बचाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए भोपाल में विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत 14 से 20 नवंबर तक जागरूकता वाहन जिले के करीब 25 गांवों, बस्तियों और 25 स्कूलों तक पहुंचेगा। अभियान के माध्यम से 10 हजार से अधिक नागरिकों और करीब 4 हजार बच्चों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।

शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर शासकीय सांदीपनि स्कूल, बर्रई से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हिमांशु कौशल ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें बाल अधिकार, बाल संरक्षण और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी।

यह अभियान आवाज जनकल्याण समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से चलाया जा रहा है। इसे एसबीआई फाउंडेशन का सहयोग मिला है।

अभियान के दौरान वाहन पर लगे पोस्टर और ऑडियो संदेशों के जरिए बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक शोषण, उससे बचाव और ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बच्चों को बताया जाएगा कि शोषण की स्थिति में वे किससे मदद ले सकते हैं और परिवार व समाज उनकी सुरक्षा में किस तरह भूमिका निभा सकते हैं।

आवाज संस्था के निदेशक प्रशांत दुबे के अनुसार, अभियान में कार्टून किरदार मिनी भी बच्चों के साथ संवाद का माध्यम बनेगी। जागरूकता वाहन स्कूलों के अलावा पुलिस थानों के संवेदनशील क्षेत्रों और बस्तियों में भी पहुंचेगा।

Related Articles