पाकिस्तान में बनी दो ब्यूटी क्रीम की बिक्री और इस्तेमाल से बचें, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी

गोरे ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम में भारी धातुओं की मात्रा तय सीमा से अधिक होने की आशंका
भोपाल। मध्यप्रदेश के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पाकिस्तान में बनी दो कॉस्मेटिक क्रीम को लेकर सार्वजनिक चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से गोरे ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम की खरीदारी और इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। विभाग के अनुसार, इन उत्पादों को भारतीय बाजार में बेचने के लिए जरूरी आयात पंजीयन की अनुमति जारी नहीं की गई है।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से 14 नवंबर को जारी सूचना में बताया गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से इन क्रीम की अनधिकृत बिक्री की जानकारी मिली है। जांच से संबंधित सूचना के आधार पर विभाग ने चेताया है कि इन उत्पादों में तय सीमा से अधिक भारी धातुएं हो सकती हैं, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं और शरीर पर जहरीला असर डाल सकती हैं।
विभाग ने लोगों से कहा है कि यदि बाजार में ये क्रीम बिकती दिखाई दें तो इसकी सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें। पहले से खरीद चुके लोग भी इनका इस्तेमाल बंद कर दें। साथ ही इसी तरह के नाम वाले अन्य कॉस्मेटिक उत्पादों से भी सावधान रहें।
विभाग ने बताया कि अधिकृत कॉस्मेटिक उत्पादों पर निर्माण लाइसेंस नंबर, निर्माता का नाम-पता, बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी की तारीख दर्ज होना जरूरी है। आयातित उत्पादों पर आयात पंजीयन नंबर और विदेश में निर्माता का नाम-पता भी होना चाहिए। प्रदेश के सभी औषधि निरीक्षकों को इन उत्पादों की बिक्री पर नजर रखने और दुकानदारों को इन्हें नहीं बेचने के निर्देश दिए गए हैं।





