शहर में गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा स्पॉट फाइन, सुलभ केंद्र पर भी कार्रवाई

निगम आयुक्त ने कई क्षेत्रों का किया निरीक्षण, सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को 10-10 चालान करने के निर्देश
भोपाल। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम अब स्पॉट फाइन की कार्रवाई करेगा। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 10-10 मामलों में स्पॉट फाइन करने को कहा है।
आयुक्त ने चार इमली, लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस, ज्योति टॉकीज, चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, गांधी चौराहा, पिपलानी चौराहा और आनंद नगर सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था देखी। ज्योति टॉकीज स्थित सुलभ जनसुविधा केंद्र में सफाई का स्तर संतोषजनक नहीं मिलने पर वहां भी जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र के सामने बने अवैध शेड को हटाने, सौंदर्यीकरण के लिए गमले और बेंच लगाने तथा सड़क किनारे पेविंग ब्लॉक बिछाने को कहा।
आयुक्त ने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के लिए अलग टीम बनाने और मिट्टी हटाने के दौरान ग्रीन नेट का उपयोग अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। गांधी चौराहे के पास सड़क किनारे खाली जमीन का उपयोग वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए करने के संबंध में भेल प्रशासन से अनुमति लेने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा और मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





