State
मप्र सरकार 17 नवंबर को फिर लेगी 3 हजार करोड़ का कर्ज

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार 17 नवंबर को बाजार से एक बार फिर 3 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने जा रही है। नवंबर महीने में यह सरकार की दूसरी बड़ी उधारी होगी। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष में सरकार का कुल बाजार ऋण बढ़कर 51,900 करोड़ रुपये हो जाएगा।
सरकार अब तक इस वित्त वर्ष में बाजार से 48,900 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। वहीं, इस दौरान 15,573 करोड़ रुपये ब्याज चुकाने में खर्च किए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि बाजार से जुटाई जा रही कर्ज की राशि सड़क, सिंचाई और बिजली सहित विकास से जुड़ी परियोजनाओं पर खर्च की जा रही है।
लगातार बढ़ती उधारी के बीच ब्याज भुगतान पर होने वाला खर्च भी वित्तीय प्रबंधन का अहम हिस्सा बना हुआ है। नई उधारी से सरकार को विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि मिलेगी।





