State

पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को आखिरी सांस तक उम्रकैद

हबीबगंज के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत का फैसला, पीड़िता को 6 लाख रुपए मुआवजा देने के भी आदेश

भोपाल। पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य करने के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी अजीत राय उर्फ बाबू को शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश कुमुदिनी पटेल की अदालत ने 14 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। अदालत ने पीड़िता के भविष्य को देखते हुए उसे 6 लाख रुपए प्रतिकर देने का आदेश भी दिया है।

विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2025 की है। बच्ची अपनी मां के साथ 1100 क्वार्टर स्थित हनुमान मंदिर गई थी। मां मंदिर के पास भिक्षा मांग रही थी, जबकि बच्ची अपनी बहन की बेटी के साथ खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।

बाद में बच्ची को बरामद किया गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे और कपड़ों पर खून लगा था। बच्ची ने आरोपी के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने हबीबगंज थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच की और आरोपी को गिरफ्तार किया।

अदालत ने साक्ष्य, डीएनए रिपोर्ट और अभियोजन पक्ष के तर्कों के आधार पर आरोपी को बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया। उसे मुख्य अपराध में आजीवन कारावास के अलावा अन्य धाराओं में पांच-पांच साल और एक साल के सश्रम कारावास की सजा भी सुनाई गई। अलग-अलग धाराओं में कुल 500 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला और नवीन श्रीवास्तव ने पैरवी की।

Related Articles