आदमपुर खंती में आरडीएफ के धीमे निपटान पर एजेंसी को 3.20 लाख का जुर्माना

फरवरी 2027 के अंत तक कचरे का निष्पादन पूरा करने के निर्देश, दो नई मशीनें लगने से प्रोसेसिंग क्षमता 80 प्रतिशत बढ़ने का दावा
भोपाल। आदमपुर खंती में पुराने कचरे के निष्पादन और उससे निकलने वाले आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) के निपटान में देरी पर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सख्ती दिखाई है। शनिवार को खंती का निरीक्षण करने पहुंचे आयुक्त ने आरडीएफ के धीमे निपटान पर संबंधित एजेंसी सौराष्ट्र पर 3 लाख 20 हजार रुपए की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अधिकारियों को कचरे के निष्पादन की रोजाना समीक्षा करने और एजेंसी से प्रतिदिन काम की प्रगति रिपोर्ट लेने को कहा। उन्होंने फरवरी 2027 के अंत तक निष्पादन का काम पूरा करने की समय-सीमा भी तय की है।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि कचरे के तेजी से निपटान के लिए दो अतिरिक्त प्रोसेसिंग मशीनें लगाई गई हैं। इससे कचरे की प्रोसेसिंग क्षमता पहले की तुलना में करीब 80 प्रतिशत बढ़ गई है। खंती में अब मल्टी डेक प्रोसेसिंग मशीन और रोटो स्क्रीन सहित कुल पांच मशीनें लगाई गई हैं।
आयुक्त ने एजेंसी को निर्देश दिए कि मशीनों की क्षमता का पूरा उपयोग कर कचरे और आरडीएफ का निपटान तेजी से किया जाए।





