National

भोपाल में नवनिर्मित जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का शुभारंभ

रेलवे महाप्रबंधक ने किया उद्घाटन, भोपाल-इटारसी रेलखंड और विद्युत लोको शेड का किया निरीक्षण

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे में कर्मचारियों के कौशल विकास और आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने निशातपुरा, भोपाल स्थित नवनिर्मित मल्टी डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (MDZTI) का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रथम बैच के लोको पायलट प्रमोशन कोर्स के 40 प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया और प्रशिक्षण व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा उनके अनुभवों की जानकारी ली।

आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रशिक्षण केंद्र

उद्घाटन के बाद महाप्रबंधक ने संस्थान के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास, मेस, क्लासरूम, प्रशासनिक भवन, ऑडिटोरियम ब्लॉक, प्रशिक्षण कक्ष और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थान में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए रेलवे कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि रेल संचालन में दक्षता और संरक्षा दोनों को मजबूती मिल सके।

महाप्रबंधक ने प्रस्तावित मॉडल रूम के प्रारूप और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर विकसित करने का संदेश भी दिया।

भोपाल-इटारसी रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने भोपाल-इटारसी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेल पथ, सिग्नलिंग प्रणाली, पुलों, समपार फाटकों, ओएचई व्यवस्था और अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने रेलखंड पर चल रहे अनुरक्षण और अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में संरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।

भोपाल स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा

महाप्रबंधक ने भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, फुट ओवर ब्रिज, स्वच्छता व्यवस्था, यात्री आवागमन प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर सुधारात्मक प्रयास किए जाएं।

इस दौरान उन्होंने यूनियन प्रतिनिधियों से भी संवाद किया और रेल कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

इटारसी स्टेशन और रेल परियोजनाओं की समीक्षा

इटारसी स्टेशन निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने नर्मदापुरम के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान यात्रियों की सुविधाओं, स्टेशन विकास और क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं से जुड़े सुझावों पर चर्चा हुई।

महाप्रबंधक ने प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने इटारसी बायपास रेल लाइन परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय सीमा की समीक्षा की।

विद्युत लोको शेड इटारसी का निरीक्षण

महाप्रबंधक ने इटारसी स्थित विद्युत लोको शेड का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने लोकोमोटिव अनुरक्षण व्यवस्था, सिम्युलेटर रूम और मरम्मत कार्यों की प्रक्रिया का अवलोकन किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोकोमोटिव रखरखाव में संरक्षा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं।

Related Articles