State

कोर्टयार्ड की लिफ्ट में फंसा व्यक्ति, निगम ने की लिफ्ट सील

-एआरडी नहीं मिला, खुली होटल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल
-फायर सेफ्टी में भी मिली खामियां

भोपाल, 20 सितंबर.होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में रविवार को लिफ्ट में एक व्यक्ति के फंसने के बाद नगर निगम ने होटल की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की. फायर कंट्रोल रूम को लिफ्ट में व्यक्ति के फंसे होने की सूचना मिलते ही निगम की फायर ब्रिगेड, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद टीम ने लिफ्टों के संचालन, रखरखाव और सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की. इस दौरान लिफ्टों में ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस नहीं मिला, जबकि लिफ्टों का नियमित मासिक संधारण भी नहीं कराया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि 31 अगस्त 2026 को होने वाला निर्धारित मासिक संधारण भी नहीं किया गया था.
-तीन लिफ्ट अस्थायी रूप से सील
निगम की टीम ने होटल की लिफ्टों के दस्तावेजों के साथ खाद्य सुरक्षा लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की. अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन निकास द्वारों की स्थिति देखी गई. जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली. लिफ्टों में एआरडी नहीं होने, नियमित संधारण नहीं कराने और फायर सेफ्टी में कमियां मिलने के बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए होटल की तीन लिफ्टों को अस्थायी रूप से सील कर दिया. निगम के अनुसार होटल का पहले भी निरीक्षण किया जा चुका है और निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नोटिस दिए गए थे. इसके बावजूद कमियां मिलने पर निगम ने यह कार्रवाई की है.

Related Articles