State

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 119 लीटर से अधिक शराब जब्त

भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश और आबकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए।

करोंद क्षेत्र में टीम ने राहुल जाटव के घर से 21 बल्क लीटर देशी शराब बरामद की। वहीं मीनल रेजीडेंसी शॉपिंग स्ट्रीट स्थित लैंड ऑफ लिबर्टी रेस्टोरेंट में जांच के दौरान 76.94 बल्क लीटर विदेशी शराब मिली। विभाग के अनुसार यहां बिना अनुमति शराब परोसने का मामला भी सामने आया। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

बैरसिया क्षेत्र में भी टीम ने 16 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की। कार्रवाई में कुल 119.08 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.19 लाख रुपए बताई गई है।

Related Articles