रक्खड़ पुन्निया मेले में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, पंजाब सरकार पर साधा निशाना

अमृतसर, 28 अगस्त। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अमृतसर के बाबा बकाला साहिब में आयोजित ‘रक्खड़ पुन्निया’ मेले में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने पंजाब की खुशहाली और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने का संकल्प दोहराया।
शिवराज सिंह चौहान ने भगवंत मान सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में फसल बीमा योजना लागू नहीं करके आम आदमी पार्टी सरकार ने किसानों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, नशा और बेरोजगारी ने पंजाब को नुकसान पहुंचाया है।
केंद्रीय मंत्री ने आप और कांग्रेस पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में आम आदमी पार्टी कांग्रेस से भी आगे है। चौहान ने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने पंजाब को अब तक 8.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का केंद्रीय समर्थन दिया है।
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि अंतरराष्ट्रीय समझौते किसान विरोधी नहीं होंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान हित सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने पंजाब में पक्के मकान, रोजगार और ग्रामीण विकास को गति देने तथा पंचायतों को आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “विकसित पंजाब के बिना विकसित भारत संभव नहीं है।” उन्होंने जनता से इस बार भाजपा को अवसर देने का आह्वान करते हुए पंजाब के विकास के लिए केंद्र और राज्य में बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।





