National

मेरठ में रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार, ‘अनार’ कोडवर्ड से करता था घूस की डील, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने एक पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दारोगा रिश्वत की रकम को छिपाने के लिए कोडवर्ड का इस्तेमाल करता था और पैसों को ‘अनार’ कहकर मांगता था। कार्रवाई के दौरान टीम ने उसे 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

मामला मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां लंबे समय से तैनात दारोगा प्रकाश चंद्र पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि एक मामले में नाम हटाने के एवज में दारोगा ने कथित तौर पर 2 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत और मोलभाव के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।

एक हजार रुपये को कहता था ‘एक किलो अनार’

जांच में सामने आया कि दारोगा रिश्वत की रकम के लिए कोडवर्ड का इस्तेमाल करता था। आरोप है कि वह 1 हजार रुपये को ‘एक किलो अनार’ और 50 हजार रुपये को ‘50 किलो अनार’ कहकर बातचीत करता था, ताकि किसी को शक न हो।

एंटी करप्शन टीम को इसकी शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया गया। तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम देने पहुंचे व्यक्ति से दारोगा ने थाने के बाहर अपनी निजी गाड़ी में पैसे लिए, जहां टीम ने उसे पकड़ लिया।

एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

मेरठ एंटी करप्शन टीम ने आरोपी दारोगा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार रिश्वतखोरी से जुड़े मामलों में साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

पुलिस विभाग में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles