दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लश बटन में छिपा मिला 1.47 करोड़ का सोना, कस्टम ने पकड़ी तस्करी की बड़ी खेप
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पर कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के एक अनोखे मामले का खुलासा किया है। अधिकारियों ने एयरपोर्ट के वॉशरूम में लगे फ्लश बटन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 1.47 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, कस्टम अधिकारियों को मंगलवार शाम एयरपोर्ट परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। जांच के दौरान वॉशरूम के फ्लश सिस्टम के एक हिस्से में छिपाई गई सोने की खेप बरामद हुई। तस्करों ने सोने को छिपाने के लिए फ्लश बटन के अंदर विशेष तरीके से जगह बनाई थी, ताकि सुरक्षा जांच से बचाया जा सके।
कस्टम विभाग की टीम ने बरामद सोने को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुछ बांग्लादेशी यात्रियों की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, मामले में शामिल लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सुरक्षा जांच को चकमा देने की कोशिश
एयरपोर्ट पर सोना तस्करी के मामलों में तस्कर लगातार नए तरीके अपनाते रहे हैं। कभी शरीर में छिपाकर, कभी इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़ों या अन्य वस्तुओं में छिपाकर सोना लाने की कोशिश की जाती है। इस मामले में फ्लश बटन जैसी जगह का इस्तेमाल करना सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी एक नई चुनौती माना जा रहा है।
कस्टम की कार्रवाई जारी
कस्टम विभाग ने बरामद सोने को अपने कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए यात्रियों और बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ।