National

एम्स भोपाल की छात्रा ने बीजिंग में आयोजित ASPIRE 2026 सम्मेलन में प्रस्तुत किया मातृ स्वास्थ्य पर शोध

प्रसवोत्तर देखभाल पर शोध को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने सराहा, AIIMS भोपाल का बढ़ा गौरव

भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भोपाल (AIIMS Bhopal) की एम.एससी. नर्सिंग (2023 उत्तीर्ण) छात्रा मेनका ने चीन के बीजिंग में आयोजित एशिया पैसिफिक इनिशिएटिव ऑन रिप्रोडक्शन के 15वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “ASPIRE 2026” में मातृ स्वास्थ्य विषय पर अपना शोध प्रस्तुत कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

सम्मेलन का आयोजन चीन की राजधानी बीजिंग में किया गया, जिसका विषय “Journeying the Silk Road of Reproductive Care” था। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया भर के मातृ स्वास्थ्य और प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञ, चिकित्सक और शोधकर्ता शामिल हुए।

प्रसवोत्तर देखभाल की आवश्यकताओं पर केंद्रित रहा शोध

सुश्री मेनका ने सम्मेलन में अपने एम.एससी. नर्सिंग शोध “Unmet Needs of Postnatal Care Among Mothers” यानी “माताओं में प्रसवोत्तर देखभाल की अपूर्ण आवश्यकताएं” को प्रस्तुत किया। इस अध्ययन में प्रसव के बाद माताओं को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, परामर्श, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का विश्लेषण किया गया।

शोध में यह समझने का प्रयास किया गया कि प्रसव के बाद मां और नवजात शिशु की बेहतर देखभाल के लिए किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। अध्ययन के अनुसार समय पर सही जानकारी, स्वास्थ्य सेवाएं और काउंसलिंग उपलब्ध होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं को रोका जा सकता है।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहा गया शोध

इस शोध कार्य को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और सम्मेलन में मौजूद प्रतिनिधियों ने काफी सराहा। विशेषज्ञों ने इसे मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपयोगी और महत्वपूर्ण अध्ययन बताया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे शोध भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनआवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में मदद करेंगे।

यह शोध कार्य डॉ. गीता भारद्वाज के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि डॉ. लिली पोद्दार और डॉ. अजय हलदर ने सह-मार्गदर्शक के रूप में सहयोग किया।

एम्स भोपाल लगातार हासिल कर रहा नई उपलब्धियां

संस्थान के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के नेतृत्व में AIIMS भोपाल चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

इस उपलब्धि पर प्रो. (डॉ.) ममता वर्मा सहित नर्सिंग कॉलेज के सभी संकाय सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए सुश्री मेनका को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेरित करेगी।

Related Articles