State

मध्यप्रदेश पुलिस का 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान संपन्न, 2.87 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला

भोपाल, 16 मई 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाया गया 15 दिवसीय विशेष सड़क सुरक्षा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 87 लाख रुपए से अधिक की शमन शुल्क राशि वसूल की गई।

यह अभियान 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किया गया। अभियान का संचालन कैलाश मकवाणा के निर्देशन एवं पुलिस परिवहन शोध संस्थान के नेतृत्व में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर युवाओं और महिला चालकों में हेलमेट उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था।

स्कूल-कॉलेजों में चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और यातायात अमले ने लोगों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन से होने वाले लाभों की जानकारी दी।

युवाओं को विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।

97 हजार से अधिक चालान, हजारों लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चालानी कार्रवाई की गई। इस अवधि में प्रदेशभर में कुल 97 हजार 965 चालान बनाए गए और लगभग 2 करोड़ 87 लाख 64 हजार 200 रुपए की शमन शुल्क राशि वसूली गई।

इसके अलावा गंभीर यातायात उल्लंघनों के मामलों में पीओएस मशीन के माध्यम से 5 हजार 253 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को भेजे गए। अभियान में इंदौर शहर, रीवा जिला और मैहर जिले का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

आगे भी जारी रहेंगे सड़क सुरक्षा अभियान

मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता और प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नागरिकों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित हो सके।

पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।

Related Articles