ग्राम पंचायत रायपुर में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का शुभारंभ, हितग्राहियों को दी गई सावधानी की सलाह

भोपाल, 16 मई। जनपद पंचायत फंदा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रायपुर, कनेरा और अगरिया में लघु वनोपज तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े हितग्राही उपस्थित रहे।
तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ का शुभारंभ ग्राम पंचायत रायपुर में सरपंच धारा सिंह सिलावट की उपस्थिति में किया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम रायपुर में 100 से अधिक हितग्राही जंगलों से तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करते हैं और उसका संग्रहण पंचायत स्तर पर स्थापित फड़ में किया जाता है।
कार्यक्रम में मोहन सिंह जाट ने तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले हितग्राहियों को संबोधित करते हुए जंगल में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आसपास के वन क्षेत्रों में शेर और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, इसलिए संग्रहण कार्य के दौरान सतर्क रहना आवश्यक है।
हितग्राहियों को वितरित किए गए परमिट
इस अवसर पर मोहन सिंह जाट द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले हितग्राहियों को परमिट भी वितरित किए गए। बताया गया कि तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य 16 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वन विभाग की मुंशी श्रीमती शारदा सराठे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि तेंदूपत्ता संग्रहण से क्षेत्र के वनाश्रित परिवारों को रोजगार और आर्थिक सहायता मिलेगी।



