State

नूतन सेकेंड इनिंग क्लब का गठन, समाजसेवा और हरित मध्यप्रदेश का लिया संकल्प

भोपाल। नूतन महाविद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा गठित “नूतन सेकेंड इनिंग क्लब” की प्रथम बैठक उत्साह और आत्मीयता के वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में “माँ के नाम एक पेड़” तथा “हरा-भरा मध्यप्रदेश” का संदेश देते हुए समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

क्लब की शुरुआत 24 सदस्यों के साथ की गई है। सभी सदस्य लंबे समय तक नूतन महाविद्यालय में सेवाएं देने के बाद अब एक परिवार की तरह समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए एकजुट हुए हैं।

बैठक के दौरान “हम साथ-साथ हैं”, “ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे” जैसे प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से सदस्यों ने आपसी प्रेम, सहयोग और एकजुटता का संदेश दिया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाजसेवा, पर्यावरण जागरूकता और शैक्षणिक गतिविधियों में योगदान देते रहेंगे।

समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने का संकल्प

क्लब के सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और नूतन महाविद्यालय को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयासों में सहयोग करेंगे।

बैठक में सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का भी निर्णय लिया। कार्यक्रम के दौरान आत्मीय माहौल और पारिवारिक एकता की भावना विशेष रूप से देखने को मिली।

Related Articles