National

NEET पेपर लीक मामला: CBI ने केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को किया गिरफ्तार

पुणे में छात्रों को लीक प्रश्नपत्र पढ़ाने के आरोप, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। देशभर में चर्चित NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी के अनुसार कुलकर्णी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे और उन्हें प्रश्नपत्रों तक पहुंच प्राप्त थी।

सीबीआई जांच में सामने आया है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में कुलकर्णी ने आरोपी मनीषा वाघमारे के माध्यम से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया था। इसके बाद पुणे स्थित अपने आवास पर विशेष कोचिंग क्लास आयोजित कर कथित तौर पर छात्रों को लीक प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल पढ़ाए गए।

वैकल्पिक प्रश्नों की करवाई गई तैयारी

जांच एजेंसी के मुताबिक इन स्पेशल क्लासेज में छात्रों को विशेष रूप से वैकल्पिक प्रश्नों की तैयारी करवाई गई थी, जो बाद में NEET परीक्षा में पूछे गए। सीबीआई का दावा है कि परीक्षा से पहले ही चयनित छात्रों को संभावित प्रश्नों की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी।

इस खुलासे के बाद NEET परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देशभर में लाखों छात्र मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करते हैं और ऐसे मामलों से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

सीबीआई ने बताया कि NEET पेपर लीक केस में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है और इस मामले में कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों और संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

देशभर में चर्चित इस मामले पर छात्रों और अभिभावकों की नजर बनी हुई है। वहीं परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई का दबाव भी बढ़ रहा है।

Related Articles