National

दिल्ली चलती बस गैंगरेप केस: फैक्ट्री से लौट रही महिला को बस में खींचकर 7 किलोमीटर तक किया दुष्कर्म

राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

नई दिल्ली। देश की राजधानी Delhi में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली में देर रात फैक्ट्री से घर लौट रही एक महिला के साथ चलती बस में गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला रात के समय पैदल अपने घर जा रही थी, तभी एक स्लीपर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया और करीब 7 किलोमीटर तक चलती बस में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को सड़क किनारे उतारकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और बाद में मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि जांच को देखते हुए अभी तक आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और बस को भी कब्जे में ले लिया गया है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला झोंपड़ी में अपने परिवार के साथ रहती है। उसके पति और तीन बेटियां हैं। घटना के बाद जब पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही तो उसने परिवार की मजबूरी बताते हुए मना कर दिया। महिला का कहना था कि यदि वह अस्पताल चली जाएगी तो घर में खाना कौन बनाएगा। फिलहाल महिला का इलाज झोंपड़ी में ही कराया जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था, रात के समय परिवहन व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles