भोपाल: आयुष्मान योजना में गड़बड़ी के आरोप पर श्री हरि मल्टीकेयर हॉस्पिटल पर छापा, पैनलमेंट निलंबन की तैयारी

भोपाल। आयुष्मान भारत योजना के तहत अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर राजधानी के श्री हरि मल्टीकेयर हॉस्पिटल पर मंगलवार को छापेमारी की गई। जांच के दौरान अस्पताल बंद मिला। प्रारंभिक जांच में योजना के नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा अस्पताल का आयुष्मान योजना से पैनलमेंट (संबद्धता) निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर आयुष्मान भारत योजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत मरीजों के उपचार और भुगतान संबंधी शिकायतों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल बंद पाया गया, जिसके बाद प्रबंधन से निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है। जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





