Uncategorized

बाल विवाह रोकने के लिए भोपाल में चलेगा ‘लाड़ो अभियान’, हेल्पलाइन नंबर जारी

20 नवंबर से शुरू होंगे विवाह आयोजन, प्रशासन ने आमजन और विवाह सेवा प्रदाताओं से सहयोग मांगा

भोपाल। देवउठनी ग्यारस से 20 नवंबर को विवाह आयोजनों की शुरुआत होने के साथ जिला प्रशासन बाल विवाह रोकने के लिए ‘लाड़ो अभियान’ चलाएगा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत चलाए जा रहे अभियान में आमजन, सामाजिक संगठनों और विवाह समारोह से जुड़े सेवा प्रदाताओं से सहयोग की अपील की गई है।

प्रशासन ने विवाह आयोजकों से बाल विवाह नहीं कराने और इस संबंध में शपथ पत्र कलेक्टर कार्यालय एवं महिला एवं बाल विकास जिला कार्यालय में जमा करने को कहा है। विवाह से जुड़े प्रिंटिंग प्रेस संचालकों, हलवाई, कैटरर्स, धर्मगुरुओं, बैंड संचालकों, घोड़ी वालों और ट्रांसपोर्ट संचालकों को भी वर-वधू के आयु प्रमाण पत्र जांचने के निर्देश दिए गए हैं। विवाह निमंत्रण पत्रों में वर-वधू के बालिग होने का उल्लेख करने की अपील भी की गई है।

दो साल की सजा और एक लाख जुर्माना

बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह कराने, करवाने या इसमें सहयोग देने वालों को दो साल तक की सजा, एक लाख रुपए तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

बाल विवाह की सूचना देने के लिए जिला महिला एवं बाल विकास कंट्रोल रूम का नंबर 8696389007, सहायक संचालक का नंबर 9669960013 और पुलिस हेल्पलाइन 112 जारी की गई है। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Related Articles