State
छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को एक साल की सजा

भोपाल, 25 नवंबर. बुरी नीयत से महिला का हाथ पकडऩे के मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आरती आदित्य बांदिल की अदालत ने आरोपी रवि सूर्यवंशी को एक साल के सश्रम कारावास और एक हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी शारदा शाक्य ने बताया कि घटना 22 मई 2018 की रात रातीबड़ स्थित अग्रवाल धर्मकांटा की है। यहां चौकीदारी करने वाली महिला वाशरूम जा रही थी, तभी आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया। महिला के चिल्लाने पर पति पहुंचा, तो आरोपी धक्का-मुक्की कर भाग गया और जान से मारने की धमकी दी। रातीबड़ पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शासन की ओर से शारदा शाक्य ने पैरवी की।



