तीन डेयरी यूनिटों से पनीर के पांच नमूने लिए, द माखन डेयरी के बताए गए तीनों पतों पर नहीं मिला कारोबार

रायपुर में 1600 किलो पनीर भेजे जाने की खबर के बाद भोपाल में डेयरियों की जांच
भोपाल। रायपुर में भोपाल से 1600 किलो पनीर भेजे जाने की खबर के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में पनीर बनाने और बेचने वाली डेयरियों की जांच शुरू कर दी है। बुधवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर के पांच नमूने लिए गए। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक रायपुर में हुई कार्रवाई से जुड़े कोई आधिकारिक दस्तावेज अब तक भोपाल विभाग को नहीं मिले हैं। इसलिए पनीर का भोपाल में निर्माण और यहां से भेजा जाना अभी प्रमाणित नहीं हुआ है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मीडिया रिपोर्ट में बताए गए द माखन डेयरी के तीन पतों का भौतिक सत्यापन किया। कोलार के कालापानी, इंद्रपुरी और शाहपुरा के मकान नंबर 210 पर डेयरी या पनीर का कारोबार संचालित नहीं मिला। इंद्रपुरी में चाय की दुकान और शाहपुरा में क्लीनिक व निवास पाया गया।
बुधवार को कान्हा डेयरी और खुशी डेयरी, बावरिया कला से एक-एक तथा भोज फूड्स, कोफ्ता बायपास से तीन नमूने लिए गए। खुशी डेयरी के पनीर में एनालॉग होने की आशंका पर भी जांच की जा रही है। इसके अलावा चूना भट्टी स्थित भोजनालय से समोसे का नमूना लिया गया। कोलार के प्रोटीन हब से ग्लूटामाइन और मल्टीविटामिन सप्लीमेंट के नमूने भी संग्रहित किए गए।
111 नमूनों में 15 अमानक
विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक पनीर के 111 नमूने लिए गए हैं। इनमें 15 अमानक, 57 मानक मिले हैं, जबकि 39 की रिपोर्ट आना बाकी है। अमानक नमूनों के मामलों में न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन अब पनीर की संभावित अंतरराज्यीय आपूर्ति की भी जांच कर रहा है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना और आगरा से पनीर लाकर भोपाल के रास्ते दूसरे जिलों या राज्यों में भेजे जाने की आशंका के आधार पर परिवहन दस्तावेजों, बिलों और आपूर्ति नेटवर्क का सत्यापन किया जाएगा। रायपुर के खाद्य सुरक्षा विभाग से भी जानकारी मांगी जा रही है।





