Uncategorized

लालघाटी के रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा की जांच, कई कमियां मिलीं

दिल्ली रेस्टोरेंट, चाय सुट्टा बार और सुरवाना रेस्टोरेंट को सुधार के निर्देश; ड्रैगन हाउस का बार लाइसेंस भी निरस्त

भोपाल, 17 सितंबर। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के पालन और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लालघाटी और आसपास के क्षेत्रों में कई रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं करने, सफाई और दस्तावेजों से जुड़ी कमियां मिलीं।

लालघाटी स्थित दिल्ली रेस्टोरेंट में खाद्य लाइसेंस, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिले। किचन में भी सफाई की कमी मिली। विभाग ने मूंगदाल, मूंगफली और आटे के नमूने जांच के लिए लिए हैं।

फूड एंड फ्लेवर्स चाय सुट्टा बार में किचन छोटा पाया गया। पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिले। पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग फ्रीजर की व्यवस्था भी नहीं मिली।

सुरवाना रेस्टोरेंट में खुले डस्टबिन और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र से जुड़ी कमी मिली। वहीं होटल इम्पीरियल सांवरे में कोई खाद्य सुरक्षा संबंधी विशेष अनियमितता नहीं मिली।

इसके अलावा, ड्रैगन हाउस होटल एवं रेस्टोरेंट का खाद्य पंजीयन पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इसके बाद आबकारी विभाग ने वहां संचालित बीयर बार और बार का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया है। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles