Uncategorized

देर रात होटल-रेस्टोरेंट में आबकारी विभाग की दबिश, तीन जगह कार्रवाई

मुंगालिया में हाथभट्टी शराब और लहान जब्त, इंद्रपुरी के क्लाउड-11 और एमपी नगर के लैटिट्यूड रेस्टोरेंट में भी जांच

भोपाल। आबकारी विभाग ने 22 नवंबर की देर रात अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। टीमों ने सुखी सेवनिया के मुंगालिया कोट, पिपलानी क्षेत्र के इंद्रपुरी और एमपी नगर स्थित होटल-रेस्टोरेंट में दबिश दी। इस दौरान हाथभट्टी शराब, लहान और विदेशी मदिरा जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें कार्रवाई के लिए निकलीं।

आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने मुंगालिया कोट, सुखी सेवनिया में डाली बंजारा (28) के पास से एक लीटर हाथभट्टी शराब और 15 लीटर लहान जब्त किया। इसके अलावा अज्ञात प्रकरण में 100 लीटर लहान भी बरामद किया गया। संबंधित मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

दूसरी टीम ने संतोष बांगड़े के नेतृत्व में पिपलानी क्षेत्र के इंद्रपुरी स्थित क्लाउड-11 में कार्रवाई की। वहीं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश खरे की टीम ने एमपी नगर के लैटिट्यूड रेस्टोरेंट से 6.4 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की। दोनों स्थानों पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 36A/B के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

आबकारी विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को देर रात तक अवैध रूप से शराब पिलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles