State

एसजीएसयू में एक्सपर्ट सेशन, विद्यार्थियों को बताए कॉर्पोरेट जगत के अनुभव

सीएफएआरईआर के एमडी चंदन शर्मा ने उद्योग की जरूरतों, करियर के अवसरों और पेशेवर चुनौतियों पर की चर्चा

भोपाल। स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू) में विद्यार्थियों को उद्योग और कॉर्पोरेट जगत की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए एक्सपर्ट सेशन आयोजित किया गया। वनमाली सभागार में हुए कार्यक्रम में पुणे स्थित सीएफएआरईआर के मैनेजिंग डायरेक्टर चंदन शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए।

सत्र में शर्मा ने बदलते कॉर्पोरेट परिदृश्य, उद्योग जगत की अपेक्षाओं और करियर विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि पेशेवर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और उद्योग की जरूरतों को समझना भी जरूरी है। इस संवाद से विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और अवसरों को समझने का मौका मिला।

विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल और व्यावसायिक दुनिया में होने वाले बदलावों की जानकारी भी होनी चाहिए। कुलगुरु डॉ. विजय सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार और कार्यक्षेत्र की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है।

रजिस्ट्रार डॉ. सितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों से सीखने और संवाद के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम का आयोजन डीन-स्टूडेंट वेलफेयर और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सहयोग से किया गया।

Related Articles