भौंरी में 2.47 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

सीमेंट-कांक्रीट सड़कें और नालियां बनेंगी, शक्तिनगर में निगम ने कराया सड़कों का पेचवर्क
भोपाल। वार्ड-3 के भौंरी क्षेत्र में करीब 2 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से सड़क और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। सोमवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने इन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। निर्माण कार्य पूरे होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पानी की निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
नगर निगम के अनुसार, भौंरी में सीमेंट-कांक्रीट की सड़कें और नालियां बनाई जाएंगी। इन कार्यों से बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासियों को सुविधा मिलेगी।
वहीं, शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वार्ड-57 के शक्तिनगर क्षेत्र में भी पेचवर्क कराया गया। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जोन-14 के यांत्रिक विभाग के अमले ने सोमवार को विभिन्न स्थानों पर सड़क के गड्ढे भरे और डामर से मरम्मत की।
निगम का कहना है कि शहर के अलग-अलग वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर जरूरत के अनुसार पेचवर्क और मरम्मत कराई जा रही है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।





