Uncategorized

भोपाल में साईं बाबा ट्रेडिंग पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 114 किलो मिठाई जब्त

भोपाल। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और मानक से कम गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सीहोर रोड स्थित साईं बाबा ट्रेडिंग का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग प्रकार की कुल 114 किलो मिठाई जब्त की गई। जब्त मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 22,800 रुपये बताई गई है।

चार प्रकार की मिठाइयां जब्त

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान नंदी स्वीट हलवा, कृष्णा हलवा, गोपाल स्वीट्स बर्फी और कृष्णा डिलिशियस स्वीट का स्टॉक मिला। अधिकारियों ने इन मिठाइयों के विधिवत नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

जब्त मिठाइयों में नंदी स्वीट हलवा 27 किलो, कृष्णा हलवा 27 किलो, गोपाल स्वीट्स बर्फी 30 किलो और कृष्णा डिलिशियस स्वीट 30 किलो शामिल हैं।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार सभी खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पैकेट पर ये सामग्री लिखी मिली

निरीक्षण के दौरान Krishna Delicious Sweet के पैकेट पर सामग्री के रूप में Milk Solids, Sugar, Partially Hydrogenated Oils (Vanaspati) और Refined Palmolein Oil आदि का उल्लेख पाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस उत्पाद की वास्तविक गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूपता का अंतिम निर्धारण प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही किया जाएगा।

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिक रही मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Related Articles