पीलूखेड़ी में उद्यम संवाद आयोजित, उद्योगपतियों से संभागायुक्त ने की चर्चा

जलापूर्ति, सुरक्षा और अधोसंरचना सुधारने पर जोर
भोपाल, 11 सितंबर. मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को राजगढ़ जिले के पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में उद्यम संवाद आयोजित हुआ. जहां पर संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने उद्योगपतियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने. उपरांत संबंधित अधिकारियों को मूलभूत सुविधाएं, अधोसंरचना और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कहा. उद्योगपतियों ने रेसाई डैम से जलापूर्ति, सीसीटीवी, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, उप स्वास्थ्य केंद्र, स्ट्रीट लाइट और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं बताईं. ईपीएफ कार्यालय ग्वालियर में होने से आ रही परेशानी को देखते हुए इसे भोपाल स्थानांतरित करने का सुझाव भी दिया गया. नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने स्थानीय युवाओं को उद्योगों में रोजगार दिलाने पर जोर दिया. संवाद में कचनारिया फूड क्लस्टर, पचोर, डाबली कला और गोरखपुरा में नए निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई.





