टिकट चेकिंग से पश्चिम मध्य रेलवे ने चार माह में जुटाए 56.64 करोड़ रुपये

भोपाल मंडल में 2.30 लाख मामलों से 17.50 करोड़ रुपये का राजस्व, बिना टिकट यात्रा पर जारी रहेगी कार्रवाई
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) ने चालू वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों में टिकट चेकिंग अभियान के जरिए 56 करोड़ 64 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है। इस दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट और अनबुक्ड लगेज के कुल 6 लाख 86 हजार मामले पकड़े गए।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर पमरे के तीनों मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में यात्री ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाए गए। रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान भी बिना उचित टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
रेलवे के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों में वसूली गई 56.64 करोड़ रुपये की राशि पिछले वर्ष की इसी अवधि में वसूले गए 51.30 करोड़ रुपये की तुलना में 10.43 प्रतिशत अधिक है। रेलवे ने इसे टिकट चेकिंग अभियानों की प्रभावी कार्रवाई का परिणाम बताया है।
भोपाल मंडल में 2.30 लाख मामले पकड़े
भोपाल मंडल में भी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्री बिना उचित टिकट यात्रा करते पाए गए। मंडल में चार माह के दौरान 2 लाख 30 हजार मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 17 करोड़ 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित श्रेणी और गंतव्य का उचित टिकट अवश्य लें। बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने पर अतिरिक्त किराए के साथ जुर्माना भी देना पड़ सकता है।
पश्चिम मध्य रेलवे ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के समन्वय से ट्रेनों और स्टेशनों पर टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




