चलती हाथ भट्ठियों पर आबकारी की दबिश, महुआ लाहन और अवैध शराब जब्त

रसूलिया भानपुर में दो प्रकरण दर्ज, बैरसिया में 15 बल्क लीटर शराब बरामद
भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन में आबकारी अमले ने 12 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
नीलबड़ क्षेत्र से सटे गांव रसूलिया भानपुर में आबकारी दल ने औचक दबिश दी। यहां दो चलती हुई हाथ भट्ठियां मिलीं। टीम ने मौके से अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में महुआ लाहन और अन्य सामग्री जब्त की। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी दौरान आबकारी विभाग की दूसरी टीम ने बैरसिया के तरावली जोड़ से 15 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा जब्त की। विभाग के अनुसार, एक महिला सड़क किनारे शराब बिक्री के लिए रखे हुए थी। आबकारी टीम को देखकर वह मौके से भाग गई। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर लगातार गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई जारी रहेगी।





