एम्स भोपाल की नई पहल: अब WhatsApp पर मिलेंगी OPD अपॉइंटमेंट समेत कई जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं

भोपाल। मरीजों को अस्पताल की जरूरी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए एम्स भोपाल ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। “एम्स भोपाल व्हाट्सऐप – स्वास्थ्य सेवाएं” नाम की इस सुविधा का सार्वजनिक परीक्षण संस्करण आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसके जरिए मरीज अपने मोबाइल फोन से WhatsApp पर ही कई जरूरी अस्पताल सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
इस सेवा की शुरुआत एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल (रि.) के निर्देशन में की गई है। इसका उद्देश्य मरीजों को अलग-अलग पोर्टल या मोबाइल एप्लीकेशन के बजाय एक परिचित डिजिटल माध्यम पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
WhatsApp पर मिलेंगी ये सुविधाएं
नई सेवा के माध्यम से मरीज घर बैठे OPD अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। उन्हें उपलब्ध समय और स्लॉट की जानकारी भी WhatsApp पर मिल सकेगी। इससे केवल अपॉइंटमेंट लेने के लिए अस्पताल आने की जरूरत कम होगी।
मरीज आभा (ABHA) पहचान संख्या बना या उसे उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ सकेंगे। इसके अलावा अपनी लैब और अन्य जांच रिपोर्ट WhatsApp के माध्यम से देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
अस्पताल से छुट्टी के समय जारी होने वाला डिस्चार्ज समरी भी डिजिटल रूप से प्राप्त किया जा सकेगा। इसके साथ ही अस्पताल द्वारा जारी जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र भी WhatsApp के जरिए प्राप्त और डाउनलोड किए जा सकेंगे।
मरीज OPD और अस्पताल में उपलब्ध अन्य मरीज सेवा सुविधाओं से संबंधित जरूरी जानकारी भी इसी डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहेगी सेवा
एम्स भोपाल के अनुसार डिजिटल सेवाओं तक पहुंच 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। मरीज अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी उपलब्ध सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इससे उन मरीजों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें केवल अपॉइंटमेंट लेने, जांच रिपोर्ट देखने, प्रमाण-पत्र प्राप्त करने या सामान्य जानकारी के लिए अस्पताल आना पड़ता है।
कम होगी कतार और प्रतीक्षा
WhatsApp आधारित सेवाओं से अस्पताल में अनावश्यक आवाजाही कम होने की उम्मीद है। साथ ही OPD में लगने वाली कतार और प्रतीक्षा समय को कम करने में भी मदद मिलेगी। अस्पताल का उद्देश्य नियमित प्रक्रियाओं को सरल, तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है।
‘एक WhatsApp, सभी स्वास्थ्य सेवाएं’
कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल ने कहा कि इस पहल के जरिए ऐसे डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग पहले से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि उद्देश्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को मरीजों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है।
एम्स भोपाल की यह पहल संस्थान की डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। “एक WhatsApp, सभी स्वास्थ्य सेवाएं” के जरिए मरीजों का समय बचाने और अस्पताल से जुड़ी रोजमर्रा की प्रक्रियाओं को आसान बनाने का प्रयास किया गया है।





