State

पानी, ध्वनि और सूफियाना सुरों ने दिया अनूठा वेलनेस अनुभव

भोपाल। राजधानी में पहली बार एक्वा साउंड हीलिंग सत्र का आयोजन किया गया। जिवाना वेलनेस रिट्रीट में हुए इस कार्यक्रम में पानी, ध्यान, ध्वनि और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रतिभागियों ने पानी में तैरते हुए संगीत और विभिन्न ध्वनियों के बीच विश्राम और शांति का अनुभव किया।

कार्यक्रम का संचालन साउंड हीलर और मेडिटेशन कोच डॉ. आरती सिन्हा ने किया। आयोजन में कलमकारी इवेंट्स ने सहयोग किया। साउंड हीलिंग के साथ लाइव सूफी संगीत ने कार्यक्रम को खास बना दिया। काशवी मोटवानी, राजवीर परख और अमन की सूफी बैंड प्रस्तुति ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया।

सत्र के दौरान ओशन ड्रम, रेनस्टिक, क्रिस्टल सिंगिंग बाउल और अर्थ गोंग जैसे वाद्य यंत्रों की ध्वनियों का अनुभव कराया गया। पानी में तैरते हुए प्रतिभागियों को सांस, शरीर और ध्वनि पर ध्यान केंद्रित कराया गया।

कार्यक्रम में निर्देशित ध्यान, श्वसन अभ्यास, चक्र संतुलन और व्यक्तिगत चक्र विश्लेषण जैसी गतिविधियां भी हुईं। डॉ. आरती सिन्हा ने बताया कि एक्वा साउंड हीलिंग पानी, ध्वनि, नियंत्रित श्वसन और ध्यान का संयुक्त अनुभव है। इसका उद्देश्य किसी बीमारी का इलाज करना नहीं, बल्कि लोगों को व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर आराम, मानसिक शांति और आत्म-जागरूकता का अनुभव देना है।

कार्यक्रम में पेजेंट क्वीन और कोच अपेक्षा डबराल भी शामिल हुईं। उन्होंने इस अनूठे अनुभव की सराहना की। आयोजन में पानी की शांति, ध्वनि के कंपन और सूफियाना संगीत ने प्रतिभागियों को अलग तरह का वेलनेस अनुभव दिया।

Related Articles