टैगोर नगर में बैंक कुर्की कार्रवाई पर हंगामा, मकान मालिक ने कहा- “लोन चुका दिया”, बैंक ने बताया बकाया

भोपाल। राजधानी के टैगोर नगर क्षेत्र में बैंक की कुर्की कार्रवाई को लेकर बुधवार को जमकर विवाद हो गया। पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस की टीम एमपी नगर तहसीलदार के आदेश पर मकान नंबर-35 पर कब्जा लेने पहुंची थी, लेकिन मकान मालिक के विरोध और दस्तावेजों को लेकर उठे विवाद के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, टैगोर गृह निर्माण सहकारी संस्था, खजूरी कलां स्थित मकान नंबर-35 पर कब्जे की कार्रवाई के लिए पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के अधिकारी, राजस्व विभाग के आरआई, पटवारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। टीम का कहना था कि बैंक की बकाया राशि जमा नहीं होने के कारण कुर्की की प्रक्रिया की जा रही है।
वहीं मकान मालिक कंछेदी लाल सेन और उनकी पत्नी रजनीबाई सेन ने कार्रवाई का विरोध करते हुए दावा किया कि उन्होंने बैंक का पूरा लोन चुका दिया है। उनका कहना था कि बिना उचित जांच के मकान पर कब्जे की कार्रवाई की जा रही है।
विवाद बढ़ने पर बुलानी पड़ी पुलिस
कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। राजस्व अमला और बैंक कर्मचारी मौजूद रहे, लेकिन विरोध के चलते बैंक टीम को मकान का कब्जा नहीं मिल सका।
नोटिस में पते को लेकर भी उठे सवाल
मामले में एक और पेंच उस समय सामने आया जब अपर कलेक्टर कार्यालय से जारी नोटिस में मकान मालिक का पता कोलार रोड दर्ज होने की बात सामने आई, जबकि कुर्की की कार्रवाई टैगोर नगर स्थित मकान पर की जा रही थी। मकान मालिक पक्ष ने इसी आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई है। अब आगे की कार्रवाई दस्तावेजों की जांच और दोनों पक्षों के दावों के सत्यापन के बाद ही तय होगी। बैंक और मकान मालिक दोनों अपने-अपने दावों पर कायम हैं।





