State

पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत फंदा जनपद में कुक कम हेल्पर्स की कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित

पौष्टिक, स्वादिष्ट और स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुआ आयोजन

भोपाल। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत गुरुवार को जनपद पंचायत फंदा में कुक कम हेल्पर्स के लिए कुकिंग कॉम्पीटीशन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन में पौष्टिकता, स्वाद और स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय खाद्य परंपराओं को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, जनपद पंचायत फंदा की सीईओ शिवानी मिश्रा सहित स्व सहायता समूह की दीदियां और कुक कम हेल्पर्स उपस्थित रहे।

भारत सरकार के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत जनपद स्तर पर कुक कम हेल्पर्स के लिए यह प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें प्रतिभागियों ने मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाली सामग्री से विभिन्न पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए।

स्थानीय खाद्य सामग्री और मिलेट्स को बढ़ावा

जनपद पंचायत फंदा की सीईओ शिवानी मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कुक कम हेल्पर्स को भोजन निर्माण में नवाचार और रचनात्मकता दिखाने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज, दालें, हरी सब्जियां, मोटे अनाज (मिलेट्स) और अन्य पोषक तत्वों से तैयार व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ऐसे व्यंजनों की पहचान की जा रही है जो स्वादिष्ट होने के साथ बच्चों को पसंद आएं और जिन्हें भविष्य में मध्यान्ह भोजन के मेन्यू में शामिल किया जा सके।

पोषण और स्वाद के साथ लागत संतुलन पर जोर

प्रतियोगिता के माध्यम से भोजन तैयार करने में पोषण, स्वाद, स्वच्छता और लागत के बीच संतुलन स्थापित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य बच्चों को संतुलित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में कुक कम हेल्पर्स ने अपनी पाक कला और स्थानीय व्यंजनों की विविधता का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए योजना के उद्देश्यों के अनुरूप बेहतर भोजन तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles