भोपाल में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, एलईडी टीवी, लैपटॉप और चांदी के जेवरात सहित 2 लाख रुपये का माल बरामद

भोपाल, । हबीबगंज थाना पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है। बरामद सामान में एलईडी टीवी, लैपटॉप और चांदी के जेवरात शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया। आरोपी ने हबीबगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित की गई थी टीम
पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इन निर्देशों के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-1 , अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 रश्मि अग्रवाल दुबे के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त हबीबगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
सूने घर और वर्किंग वुमन हॉस्टल में की थी चोरी
पुलिस के अनुसार पहली घटना शिवाजी नगर क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता रुचि बेलवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 20 जनवरी 2026 को परिवार के साथ बहन की शादी में छिंदवाड़ा गई थीं। 23 फरवरी को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जांच करने पर एलजी कंपनी की एलसीडी टीवी, चांदी की एक जोड़ी पायल और तांबे का कलश गायब मिला। मामले में थाना हबीबगंज में अपराध क्रमांक 398/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना कल्याणी वर्किंग वुमन हॉस्टल की है। शिकायतकर्ता ऋतु त्रिवेदी ने बताया कि 20 फरवरी 2026 को वह इंदौर गई थीं। अगले दिन हॉस्टल के ताले टूटने की सूचना मिलने पर पहुंचीं तो उनके कमरे से लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चोरी मिला। इस मामले में अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से पकड़ाया आरोपी
चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी 5 नंबर वाइन शॉप के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने शिवाजी नगर के सूने मकान और वर्किंग वुमन हॉस्टल में चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
आर्यन चौहान उर्फ अनिकेत उर्फ डागी पिता स्वर्गीय गणेश चौहान, उम्र 22 वर्ष
निवासी- तुलसी टावर के सामने, ब्लॉक नंबर ए, फ्लैट नंबर एस-3, अर्जुन नगर, थाना टीटी नगर, भोपाल
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, अड़ीबाजी, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना टीटी नगर, कमला नगर और हबीबगंज थानों में कुल 15 मामले दर्ज होना बताए गए हैं।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
– एलजी कंपनी की एलईडी टीवी
– लेनोवो कंपनी का लैपटॉप
– चांदी के जेवरात
– तांबे का कलश
सहित करीब 2 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं और चोरी के सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
चोरी की घटनाओं के खुलासे में निरीक्षक संजीव चौकसे, निरीक्षक नीतू कुन्सारिया (टूआईसी), उप निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक सुधाकर शर्मा, आरक्षक रामनरेश किरार, कंचन यादव, राकेश भारद्वाज, अरविंद यादव, रवि भांवर और राजेंद्र हिंडोरिया की सराहनीय भूमिका रही।





