State

न्यूमार्केट में लगी आग से व्यापारियों का करोड़ों रुपए का नुकसान

दो दुकानें शुरु होने से पहले ही जलकर खाक
बर्तन व्यापारी ने एक करोड़ से अधिक लोन लेकर भरा था सामान
बिल्डिंग भी हुई जलकर जर्जर, तीन लागों को तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर बचाना पड़ी जान
अतिक्रमण बना दमकल को मौके पर पहुंचने बाधा
दोनों रास्तों में अतिक्रमण व्यापारी पहले भी कर चुके हैं अतिक्रमण हटाने की मांग
घटना स्थल पर विधायक सबनानी और महापौर भी पहुंचे

भोपाल, 8 अक्टूबर. न्यूमार्केट के 6 व्यापारियों के लिए गुरुवार को दिन हानिकारक रहा. एैसा इसलिए क्योंकि दिन में लगभग 3 बजे एक छोले भटूरे की दुकान में भडक़ी आग ने इन सभी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेज भडक़ी कि किसी को कुछ भी नहीं समझ आया. और पूरे न्यूमार्केट में भगदड़ मच गई. जिसको जहां मौका मिला वह उधर की तरफ दोडऩे लगा. उस समय क्या व्यापारी क्या ग्राहक और आम आदमी सभी भागते नजर आए. हालांकि आग लगने की घटना के तुरंत बाद ही नगर निगम के फायर शाखा को सूचना दी गई और तुरंत ही चार से पांच दमकलें मौके पर पहुंच गई. 20 से 25 दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. लेकिन आग को पूरी तरह बुझाने में उन्हें लगभग 5 घंटे का समय लगा. इस आग की घटना में व्यापारियों का लगभग पांच से छ: करोड़ रुपए का नुकासान होने का अनुमान लगाया जा रहा है. वहीं जिन भवनों में यह दुकानें संचालित हो रही थी भी आग की वजह से जर्जर हो चुके हैं. बस इस धटना में किसी भी तरह के जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है. तीन व्यक्ति इस घटना में घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है. जिनका उपचार जारी है. अगर लगने की वजह को लोग अलग अगल बता रहे हैं. जो जांच के बाद ही सामने आ सकेगी.
शुरू होने से पहले ही आग की चपेट में
इस घटना में बालाजी छोले भटूरे उसी के ऊपर आम्रपाली छोले भटूरे की दुकान, इसके बाद बालाजी के बगल की सूट की दुकान, लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक, प्रदीप बर्तन भंडार और विजय स्टोर कपड़े की दुकान को भारी मात्रा में नुकसान हुआ है. जिसमें से प्रदीप बर्तन भंडार ने कुछ माह पहले ही दुकान किराये पर ली थी. इस दुकान को सामान भरने के लिए बैंक से एक करोड़ ग्यारह लाख रुपए का मोर्डगेज लॉन लिया था. वहीं मोबाईल की दुकान में भी कुछ दिन पहले ही लगभग एक करोड़ रुपए का सामान भरा था. वहीं सूट की दुकान को तो अभी लगभग एक महिने पहले ही किराये पर लिया था जिसमें सामान भरा लेकिन शुरू नहीं हो पाई थी. इन सभी का सामाने पूरी तरह से जलकर खाक हो गया.
दमकल की देरी के लिए अतिक्रमण जिम्मेदार
आग की घटना की सूचना पर घटना स्थल से थोड़ी दूरी तक दमकलें तो पहुंच गई थी. लेकिन घटना स्थल तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा. क्योंकि इस रास्ते को अतिक्रमण से ठेले व्यापारियों ने घेर रखा था. वहीं सभी दुकानों के आगे सामान रखने रास्ते संकरा था. अगर मार्केट के अंदर अतिक्रमण नहीं होता तो इस घटना पर जल्द काबू पाया जा सकता था. वहीं व्यापारियों को नुकसान से बचाया भी जा सकता था.
आज ही नहीं थी उपलब्ध दमकल
न्यूमार्केट के व्यापारियों की मांग पर निगम ने पार्किंग की बिल्डिंग के पास एक दमकल को स्थाई रूप से खड़ा कर रखा है यह वाहन करीब 2016 से इस तरह की घटना से बचाव के लिए रखी गई थी. लेकिन गुरुवार को वह दमकल तकनीकि खराबी की वजह से वहां पर मौजूद नहीं थी. इस वजह से दूसरे स्थानों से पहुंचे में भी देरी हुई.
व्यापारी अतिक्रमण के लिए कर चुके हैं शिकायत
नगर निगम में लगातार न्यूमार्केट में अतिक्रमण हटाने की शिकायतें व्यापारी संगठन भी कई बार कर चुके हैं. उसके बाद भी अतिक्रमण मुक्त नहंी हो सका. नगर निगम की कार्रवाई सिर्फ खाना पूर्ति तक ही साबित हुई है. इस घटना के बाद से व्यापारी संगठनों में नगर निगम के खिलाफ नाराजी बनी हुई है. संगठनों का कहना है कि अगर यहां अतिक्रमण नहीं होता तो इस घटना पर जल्द काबू पाया जा सकता था. और व्यापारियों को करोड़ों रूपए के नुकसान से बचाया जा सकता था. उनका कहना है कि अतिक्रमण को बढ़ावा जनप्रतिनिधि और निगम के कर्मचारी ही देते हैं.

इनका कहना है

कोऑपरेटिव बैंक के पास से अंदर आने का रास्ता अब पतली गली बचा है.
जनहित के लिए न्यूमार्केट के सारे एंट्री प्वाइंट क्लियर होना चाहिए, ताकि ऐसी अनहोनी घटनाओं के समय फायर बिग्रेड सुगमता से मौके पर पहुंच पाए.
प्रदीप गुप्ता अध्यक्ष, न्यू मार्केट व्यापारी संघ

घटना स्थल पर फायर दमकलें आधे घंटे की देरी से पहुंची थी. लगभग 25 दमकलों ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया था. वैसे स्मार्ट पार्किग के पास हमेशा ही दमकल खड़ी रहती थी. लेकिन आज तकनीकि खरीबी की वजह से वहां पर मौजूद नहीं थी. नहीं तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती.
नानक दुआ अध्यक्षख् व्यापारी महासंघ

बहुत दु:खद घटना है. इससे व्यापारियों को करोड़ों रुपए की हानि हुई है. न्यूमार्केट में हनुमान मंदिर के पास रेहड़ी वालों ने अतिक्रमण कर रखा है. जिससे दमकलों को घटना स्थल पर पहुंचने में देरी हुई. फिर भी न्यूमार्केट के पास पांच मिनिट में दमकलें पहुंच गई थी और जल्द ही आग पर काबू पा लिया था.
सतीश गंगराड़े अध्यक्ष, संरक्षण समिति न्यूमार्केट

न्यूमार्केट में बहुत बड़ी घटना हुई है. कुछ व्यापारी तो अभी नई दुकान शुरू करने जा रहे थे. उनकी दुकान शुरू होने से पहले ही करोड़ों का सामान नष्ट हो गया. दमकलों को घटना स्थल तक पहुंचने में अतिक्रमण ने बाधा पहुंचाया. यहां से कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग कर चुके हैं लेकिन बाजार को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जा सका.
डॉ. सौरभ मेहता, न्यूमार्केट

मैंने एक महिने पहले ही एक करोड़ रुपए के मोबाईल व अन्य सामान भरा था. जो पूरा जलकर नष्ट हो गया. आग इतनी तेज भडक़ी कि सामान निकालने का मौका ही नहीं मिला. पूरी तरह से बर्बाद हो गया हूं.
अंकित, पीडि़त, लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक एवं मोबाईल

हमारी दुकान के ऊपर मीटर लगे हुई थे उनसे शॉर्ट सर्किट हुआ था. और आग भडक़ गई. पूरा सामान जलकर राख हो गया है.
दीप अग्रवाल, पीडि़त, संचालक, बालाजी छोले भटूरे

मैंने अभी लगभग 6 महिने पहले ही दुकान किराये पर ली थी. इसमें सामान भरने के लिए बैंक से 1 करोड़ 11 लाख का मोर्डगेज लोन लिया, वहीं लगभग 45 लाख रुपए मार्केट से भी लिए थे. अभी दुकान की बस पूजा ही हुई थी शुरू भी नहीं कर सका था. अभी दुकान का बीमा भी नहीं करवा सका था. शुरु करने से पहले बीमा करवाना था. अब पूरा सामान जलकर बर्बाद हो गया.
मनोज ताम्रकार, पीडि़त, संचालक प्रदीप बर्तन भंडार

मुझे न्यू मार्केट की दुकान में आग लगने की सूचना 3:05 पर मिली, और 3:15 पर घटनास्थल पर पहुंच गया. नगर निगम पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन को जरूरी दिशा निर्देश दिए,
शासन स्तर पर व्यापारियों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
भगवानदास सबनानी, विधायक

निगम को 2:55 बजे सूचना मिला और 3: 10 बजे दमकलें पहुंच गई थी. जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया था. अतिक्रमण की वजह से थोड़ी परेशानी आई. अतिक्रमण नहीं होना चाहिए. सभी जनप्रतिनिधि चाहते हैं कि बाजार अतिक्रमण मुक्त रहे. जिससे किसी भी तरह की बाधा ना आए. अब आगे से व्यापारी भी अतिक्रमण को लेकर सतर्क रहेंगे.
मालती राय, महापौर

हमें सूचना मिलने के पांच मिनिट के अंदर ही घटना स्थल पर दमकलें पहुंच गई थी. लेकिन बाजार में अतिक्रमण की वजह से दमकलों को मशक्कत करना पड़ी. उसके बाद भी जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया. इसमें लगभग 30 कर्मचारी लगे रहे.
सौरभ पटेल, फायर अधिकारी नगर निगम

Related Articles