State

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 130 आवेदन मिले

दिव्यांग प्रकाश शाक्य को ट्राइसिकल वितरित की, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
भोपाल, 13 अक्टूबर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित 130 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान कलेक्टर ने दिव्यांग आवेदक प्रकाश शाक्य निवासी भोपाल को ट्राइसिकल भी वितरित की।

कलेक्टर मिश्रा ने प्रत्येक आवेदक से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।

आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए। आवेदकों की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई में एडीएम सुमित पांडे, प्रकाश नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles