भोपाल में अवैध गांजा तस्करी का भंडाफोड़, टीटी नगर पुलिस ने दो आरोपियों से 4.1 किलो गांजा किया जब्त

भोपाल, । भोपाल शहर की टीटी नगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते दो आरोपियों को धरदबोचने में सफलता पाई है। आरोपियों के पास से कुल 4.100 किलोग्राम अवैध गांजा, एक एक्टिवा (संशोधित चार पहिया), एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख आंकी गई है।
सटीक सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
दिनांक 29 अप्रैल 2025 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि हर्षवर्धन नगर स्थित सिंधिया गेट के पास एक व्यक्ति ब्लैक एक्टिवा (चार पहियों वाली) से अवैध गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना टीटी नगर प्रभारी सुधीर अरजरिया ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर एक विशेष टीम गठित की, जिसमें उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह सिकरवार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और संदिग्ध हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कैलास मालवीय (40 वर्ष) निवासी हर्षवर्धन नगर, भोपाल बताया। उसकी प्लास्टिक की बोरी की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
साजिश का दूसरा आरोपी भी चढ़ा हत्थे
कैलास मालवीय से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांजा उसे बेचने के लिए उसके मित्र मनोज अहिरवार (30 वर्ष) ने दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनोज अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि मनोज अहिरवार खुद नशे का आदी है और उसने यह गांजा इंदौर से खरीदा था।
आरोपियों का आपराधिक और व्यक्तिगत विवरण:
कैलास मालवीय: हर्षवर्धन नगर में प्रेस की दुकान चलाता है। आमदनी कम होने और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते इस अवैध कार्य में पहली बार शामिल हुआ।
मनोज अहिरवार: टू व्हीलर मैकेनिक है, भोपाल के दुर्गा नगर में रहता है। पहले से ही नशे का लती है और गांजा तस्करों के संपर्क में था। इसके विरुद्ध 4 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी और दुर्घटना शामिल हैं।
जप्तशुदा सामग्री:
4.100 किलो गांजा
1 संशोधित एक्टिवा (चार पहिए वाली)
1 मोटरसाइकिल
2 मोबाइल फोन
कुल अनुमानित कीमत: ₹2,50,000
टीटी नगर पुलिस की सराहनीय कार्रवाई में शामिल अधिकारी:
थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया, उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह सिकरवार, सउनि मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज जोठे, मुजफ्फर, नारायण मीणा, अविनाश भारती, रितेश तिवारी, नीरज यादव आदि।