एम्स भोपाल में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस 2026 का आयोजन, नर्सों की सेवा भावना और योगदान का हुआ सम्मान

हमारी नर्सें, हमारा भविष्य : सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” थीम पर आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
भोपाल। एम्स भोपाल में “अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस 2026” का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के मार्गदर्शन में किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य : सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” रही, जिसके माध्यम से नर्सिंग समुदाय की सेवा भावना, समर्पण और मरीजों की देखभाल में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। नर्सिंग अधीक्षक अखिल टी. ने स्वागत संबोधन में कहा कि नर्सिंग केवल सेवा नहीं, बल्कि करुणा और समर्पण का प्रतीक है। इसके बाद सहायक नर्सिंग अधीक्षक विकास नाइक ने “अंतरराष्ट्रीय नर्स सप्ताह 2026” के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
प्रो. (डॉ.) ममता वर्मा ने नर्सिंग पेशे के महत्व और स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सें मजबूत आधारशिला की तरह कार्य करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर, पोस्टर प्रदर्शनी, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम, पैनल चर्चा, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिता और कैंडल लाइट मार्च सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने कहा कि नर्सें केवल उपचार नहीं करतीं, बल्कि मरीजों के लिए आशा और संवेदनशीलता का आधार बनती हैं। कार्यक्रम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ।
—



