Uncategorized

रेल यात्रियों की सुरक्षा में जीआरपी की बड़ी सफलता, 21 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

जबलपुर, ग्वालियर और इंदौर जीआरपी की कार्रवाई से बढ़ा यात्रियों का भरोसा

भोपाल, 13 मई 2026। मध्यप्रदेश रेलवे पुलिस द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा और संपत्ति संरक्षण को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जीआरपी जबलपुर, जीआरपी ग्वालियर और जीआरपी इंदौर ने बीते दो सप्ताह में चोरी और जेवरात से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए लगभग 21 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

जबलपुर जीआरपी ने रेलवे स्टेशन और रनिंग ट्रेनों में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, चेन, बाली, लॉकेट और चांदी की पायल सहित लगभग 2.85 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की गई। वहीं एक महिला चोर को भी गिरफ्तार किया गया, जो यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी। उसके कब्जे से भी आभूषण जब्त किए गए।

ग्वालियर जीआरपी ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में सक्रिय चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में लगभग 7.30 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की गई।

इधर, इंदौर जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से चोरी हुए ट्रॉली बैग का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 2.82 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की। इसके अलावा ट्रेन में छूटे लगभग 8.50 लाख रुपए मूल्य के जेवरों से भरे बैग को सुरक्षित खोजकर यात्री को सौंपा गया।

रेलवे पुलिस की इन कार्रवाइयों से यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles