State

तीन दिन में तीन कार्रवाई, 25.634 किलो गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

आरपीएफ इटारसी ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत इटारसी, नर्मदापुरम और बुधनी में की कार्रवाई, 7.23 लाख रुपए का गांजा बरामद

भोपाल। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत लगातार तीन दिनों में तीन अलग-अलग कार्रवाई कर 25.634 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 23 हजार 250 रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ ने यह कार्रवाई इटारसी, नर्मदापुरम और बुधनी में स्थानीय पुलिस के सहयोग से की।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में आरपीएफ इटारसी ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई थी। खास बात यह रही कि तस्करों के पकड़े जाने से बचने के लिए उतरने का स्थान बदलने की आशंका को देखते हुए आरपीएफ ने हर दिन अपनी रणनीति बदली।

पहले दिन इटारसी में पकड़ा आरोपी

4 नवंबर को आरपीएफ को समता एक्सप्रेस (12807) के जनरल कोच में एक व्यक्ति के गांजा लेकर सफर करने की सूचना मिली थी। उसके इटारसी के नागपुर आउटर पर उतरने की जानकारी थी। आरपीएफ और अपराध खुफिया शाखा भोपाल के जवानों ने सिटी पुलिस के साथ मिलकर निगरानी की। संदिग्ध के उतरते ही उसे पकड़ लिया गया। उसके बैग से 8.400 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है। आरोपी रामकुमार ठाकुर निवासी नर्मदापुरम को गिरफ्तार कर इटारसी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया।

दूसरे दिन नर्मदापुरम में कार्रवाई

5 नवंबर को समता एक्सप्रेस में ही गांजा ले जाने की दूसरी सूचना मिली। पिछले दिन इटारसी में निगरानी बढ़ने के कारण तस्कर के नर्मदापुरम के आसपास उतरने की आशंका थी। आरपीएफ ने ट्रेन में निगरानी की और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर स्टेशन के आउटर के पास एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके पास से 10.930 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 लाख 73 हजार 250 रुपए आंकी गई। आरोपी राजू निवासी पंचकुला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर कोतवाली नर्मदापुरम में मामला दर्ज कराया गया।

तीसरे दिन बुधनी में पकड़ा तस्कर

6 नवंबर को गोंडवाना एक्सप्रेस (12409) में गांजा ले जाने की सूचना पर आरपीएफ ने निगरानी शुरू की। बुधनी स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर संदिग्ध अपना सामान फेंककर उतरकर भागने लगा। ट्रेन में तैनात आरपीएफ जवानों ने उसका पीछा किया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और बुधनी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके सामान से 6.304 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई। आरोपी सुनील कुमार निवासी करनाल (हरियाणा) को गिरफ्तार कर बुधनी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

आरोपियों के डोजियर भी तैयार किए

आरपीएफ ने तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड ICJS पोर्टल पर जांचा। हालांकि, उनके खिलाफ पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला, लेकिन भविष्य में निगरानी और सूचना जुटाने के लिए उनके डोजियर तैयार किए गए हैं। तीनों कार्रवाइयों में आरपीएफ निरीक्षक मनीष पांडे के नेतृत्व में इटारसी पोस्ट के अधिकारियों और जवानों ने भूमिका निभाई। अपराध खुफिया शाखा भोपाल, विशेष खुफिया शाखा, आरपीएफ नर्मदापुरम और संबंधित स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा। आरपीएफ का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन नार्कोस के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles