प्रदेशभर में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 671 से अधिक वारंटी गिरफ्तार

457 से ज्यादा वारंट तामील, गुंडे-बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दी दबिश; अवैध शराब और नशे के खिलाफ भी कार्रवाई
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सोमवार रात प्रदेशभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। देर रात से सुबह तक चली इस कार्रवाई में 671 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 457 से ज्यादा वारंट तामील किए गए। पुलिस ने गुंडा-बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और निगरानीशुदा अपराधियों की भी जांच की। इस दौरान अवैध शराब, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चले इस अभियान में अलग-अलग जिलों की टीमें रातभर मैदान में रहीं। इसका उद्देश्य फरार आरोपियों को पकड़ने के साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
इंदौर में 722 बदमाशों पर कार्रवाई
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने अभियान के दौरान 1,419 बदमाशों की जांच की। इनमें से 722 के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 294 से अधिक वारंट तामील किए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 289 चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
ग्वालियर में 214 वारंटी गिरफ्तार
ग्वालियर में पुलिस ने 214 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 106 स्थायी और 108 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 34 जमानती वारंट भी तामील किए गए। मुरैना में 221 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों, इनामी तथा अन्य वांछित आरोपियों को पकड़ा गया। यहां 73 हिस्ट्रीशीटर और गुंडा-बदमाशों के साथ 38 जिला बदर आरोपियों की भी जांच की गई।
छिंदवाड़ा में 130 वारंटी पकड़े
छिंदवाड़ा में एक ही रात में 130 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 36 स्थायी और 94 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने 89 गुंडा-बदमाशों, 75 निगरानी बदमाशों, एक जिला बदर अपराधी और 37 कबाड़ियों की जांच की। कार्रवाई में 150 लीटर अवैध शराब जब्त कर 18 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने 15 गुमशुदा लोगों को भी खोजकर उनके परिजनों तक पहुंचाया। गांजा और चोरी के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
अन्य जिलों में भी दबिश
खरगोन में 16 स्थायी और 63 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया। पुलिस ने 101 सूचीबद्ध गुंडों और 59 निगरानी बदमाशों के घरों पर दबिश दी।
भोपाल देहात में 38 स्थायी वारंट और 47 जमानती वारंट तामील किए गए। इस दौरान 85 वाहनों की जांच की गई। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 42 बोतल अवैध शराब जब्त की, जिसकी कीमत 54 हजार 823 रुपए बताई गई है।
दमोह में 27 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि 44 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इसके अलावा 42 गुंडा-बदमाशों और 20 निगरानी बदमाशों की जांच की गई। अवैध शराब के मामले में आबकारी एक्ट के तहत 26 प्रकरण, जुआ एक्ट के पांच और सट्टा एक्ट का एक मामला दर्ज किया गया। शांति भंग की आशंका में 55 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी। इसके जरिए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, अपराधियों की निगरानी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने का प्रयास किया जाएगा।





