State

अवैध शराब परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई, 1.51 लाख की शराब व वाहन जब्त

भोपाल। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर शराब और वाहन सहित कुल 1 लाख 51 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की। इस दौरान पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने रविंद्र भवन के पास खटलापुरा रोड पर कार्रवाई करते हुए शुभम सिंह ठाकुर (29), निवासी छोला और महेंद्र जाटव (28), निवासी भैंसाखेड़ी बैरागढ़ कला को सुजुकी एक्सेस वाहन से 9 लीटर देशी शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा। जब्त शराब और वाहन की कीमत करीब 1 लाख 23 हजार 500 रुपये बताई गई है।

वहीं, अन्नानगर और लहारपुर में कार्रवाई के दौरान आनीकिलीर (47) से 2.7 लीटर देशी शराब, संतोष मेढ़े (34) से 7.2 लीटर देशी और 15 लीटर विदेशी शराब तथा बाबूलाल मालवीय (43) से 7.2 लीटर देशी शराब जब्त की गई। इन मामलों में जब्त शराब की कीमत करीब 28 हजार रुपये है।

आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में गश्त और दबिश जारी रखने की बात कही है।

Related Articles