एम्स में ‘मेटामास्टरी 3.0’ कार्यशाला संपन्न, 45 शोधकर्ताओं ने सीखी प्रमाण जुटाने की प्रक्रिया

तीन दिन तक व्यवस्थित समीक्षा और मेटा-विश्लेषण का दिया गया प्रशिक्षण, इलाज संबंधी दिशानिर्देशों को वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित बनाने पर जोर
भोपाल। मरीजों के इलाज के तरीके तय करने वाले स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देश मजबूत वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित हों, इसके लिए एम्स भोपाल में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला ‘मेटामास्टरी 3.0’ संपन्न हुई। इसमें भोपाल, नागपुर, मंगलगिरि और उत्तरप्रदेश से आए 45 संकाय सदस्यों, पीएचडी शोधार्थियों, शोधकर्ताओं और रेजिडेंट चिकित्सकों ने व्यवस्थित समीक्षा और मेटा-विश्लेषण की प्रक्रिया सीखी। प्रशिक्षण में शोध का सवाल तय करने से लेकर शोध पत्र तैयार करने तक के सभी चरणों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल (रिटायर्ड) ने किया। उन्होंने बताया कि मरीजों के इलाज में प्रमाण-आधारित चिकित्सा की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि गलत तरीके से किए गए मेटा-विश्लेषण इलाज से जुड़े फैसलों को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने दिल का दौरा यानी मायोकार्डियल इन्फार्क्शन के इलाज में मैग्नीशियम सल्फेट का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती छोटे मेटा-विश्लेषणों में इसके लाभ के संकेत मिले थे, लेकिन बाद में किए गए बड़े परीक्षणों में इसकी पुष्टि नहीं हुई।
स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ समिति के अध्यक्ष डॉ. रजनीश जोशी ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में हर सवाल का जवाब पूरी तरह निश्चित नहीं होता। इसलिए इलाज संबंधी निर्णय लेते समय उपलब्ध प्रमाणों के साथ चिकित्सा में अनिश्चितता को भी समझना जरूरी है। कार्यक्रम में डॉ. महेश माहेश्वरी ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधन केंद्र का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य दिशानिर्देश तैयार करने के साथ शोध और प्रशिक्षण की क्षमता बढ़ाना भी है।
तकनीकी संसाधन केंद्र के प्रमुख अन्वेषक डॉ. गिरीश चंद्र भट्ट ने बताया कि स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) ने देशभर में प्रमाण-आधारित स्वास्थ्य दिशानिर्देश तैयार करने के लिए ऐसे केंद्र स्थापित किए हैं। ये अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार काम करते हैं, ताकि इलाज संबंधी सिफारिशें वैज्ञानिक प्रमाणों और देश की स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप हों। इन दिशानिर्देशों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एनएचएसआरसी), आईसीएमआर और अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों के सहयोग से तैयार किया जाएगा।
कार्यशाला में पीजीआई चंडीगढ़ की डॉ. दीपिका बंसल और डॉ. जोगेंद्र यादव तथा डीएचआर-आईसीएमआर, नई दिल्ली के डॉ. सिद्धार्थ कपहतिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. अंबर कुमार ने सह-प्रमुख अन्वेषक और डॉ. गरिमा दुबे ने समन्वयक की जिम्मेदारी निभाई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने शोध पत्रों की व्यवस्थित समीक्षा, आंकड़ों का विश्लेषण और समीक्षा लेखन के व्यावहारिक सत्रों में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के स्तर का आकलन करने के लिए शुरुआत और समापन पर परीक्षण भी किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। तीन महीने बाद अनुवर्ती बैठक आयोजित कर प्रतिभागियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
क्या है व्यवस्थित समीक्षा और मेटा-विश्लेषण
व्यवस्थित समीक्षा में किसी विषय पर पहले से उपलब्ध सभी प्रासंगिक शोधों को खोजकर उनकी गुणवत्ता और निष्कर्षों का आकलन किया जाता है। वहीं मेटा-विश्लेषण में अलग-अलग शोधों से मिले आंकड़ों को मिलाकर उनका संयुक्त विश्लेषण किया जाता है। इससे किसी इलाज की प्रभावशीलता को लेकर अधिक ठोस निष्कर्ष निकालने में मदद मिलती है। इन्हीं वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर इलाज संबंधी दिशानिर्देश तैयार किए जाते हैं।





