कटनी में फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने की होगी जांच

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सात दिन में मांगी रिपोर्ट, दोषियों पर होगी कार्रवाई

भोपाल। कटनी जिले में फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने का मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित करने को कहा है। साथ ही अपर मुख्य सचिव खाद्य केसी गुप्ता को सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चावल के परिवहन के दौरान कहां चूक हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या परिवहनकर्ता की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्यान्न प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और खाद्यान्न परिवहन में अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी।

Exit mobile version