नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो प्रसारित करने पर भाजपा ने साइबर क्राइम थाने में की शिकायत

कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग, वीडियो से छेड़छाड़ कर जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप

भोपाल, 24 नवंबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।

भाजपा की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीसी शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट से नितिन नवीन के संबोधन का संपादित वीडियो प्रसारित किया। इसमें कथित तौर पर ऐसे बयान जोड़े गए, जिससे उनके मूल वक्तव्य का अर्थ बदल गया और जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई। पार्टी ने इसे दुष्प्रचार बताते हुए कहा कि इससे राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं की छवि प्रभावित हुई है।

प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत के साथ मूल वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। साथ ही कांग्रेस से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने और दोषियों पर आईटी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान भाजपा के विधिक विभाग के प्रदेश संयोजक सतीश शर्मा, अशोक विश्वकर्मा, चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार मौजूद रहे।

Exit mobile version