कृष्ण बाग कॉलोनी के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी कांग्रेस: जीतू पटवारी

नगर निगम की कार्रवाई से प्रभावित लोगों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट से सड़क तक लड़ाई लड़ने का ऐलान

इंदौर, 24 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को इंदौर की कृष्ण बाग कॉलोनी पहुंचे और नगर निगम की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी और न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

पटवारी ने कहा कि नगर निगम की कार्रवाई में कई परिवारों के मकान टूट गए और लोग बेघर हो गए हैं। परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए थे, लेकिन कुछ ही समय में सब मलबे में बदल गया। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल मकानों के टूटने का नहीं, बल्कि लोगों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़ा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस कानूनी लड़ाई लड़ेगी। जरूरत पड़ने पर मामला सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा और सड़क पर आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने इंदौर में कथित भू-माफियाओं के प्रभाव को लेकर स्थानीय विधायक, महापौर, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।

पटवारी ने कहा कि बेघर हुए परिवारों की समस्या को राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। यह मानवीय संवेदना और नागरिक अधिकारों का विषय है। जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी।

Exit mobile version